उत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद

कायमगंज में तंबाकू कंपनी के मुनीम से 8 लाख 55 हजार रुपये लूट, तमंचे की बट से हमला कर घायल । 

कायमगंज में तंबाकू कंपनी के मुनीम से 8 लाख 55 हजार रुपये लूट, तमंचे की बट से हमला कर घायल । 

      ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद संजीव कुमार प्रजापति

फर्रुखाबाद के कायमगंज में गुरुवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक तंबाकू कंपनी के मुनीम से 8 लाख 55 हजार रुपये लूट लिए। यह वारदात दुर्गा टॉकीज-याहियापुर रोड पर हुई, जहां बदमाशों ने मुनीम को घेरकर मारपीट की और तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कायमगंज के मोहल्ला तलैया निवासी पंकज शर्मा जिले के प्रमुख उद्योगपति व भाजपा नेता मिथिलेश अग्रवाल के पति सत्य प्रकाश अग्रवाल की तंबाकू कंपनी में मुनीम हैं। वह रक्षाबंधन के त्योहार के लिए मजदूरों में बांटने वाले 8 लाख 55 हजार रुपये नकद लेकर जा रहे थे। 

गुरुवार शाम करीब 6:20 बजे पंकज अपनी स्कूटी से दुर्गा टॉकीज-याहियापुर रोड स्थित तंबाकू गोदाम जा रहे थे। जैसे ही वह गोदाम के गेट पर पहुंचे, पीछे से बाइक पर सवार तीन बदमाश आ गए और उनकी स्कूटी रुकवा ली।

एक बदमाश बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दो अन्य ने पंकज को घेर लिया। उन्होंने तमंचा लहराते हुए उनसे मारपीट शुरू कर दी। जब पंकज ने विरोध किया, तो बदमाशो ने तमंचे की बट से उनके कंधे पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने स्कूटी के आगे टंगा रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

बताया गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अपनी बाइक से याहियापुर की ओर फरार हो गए। यह घटना कोतवाली से लगभग 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले हैं ।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने मुनीम और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बदमाशों के भागने वाले रास्ते और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर पुलिस बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और बदमाशों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है । उन्होंने बताया कि घटना की सभी पहलुओं की जांच बारीकी से की जा रही है ।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है ।मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button