राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एसएस कॉलेज विश्वविद्यालय का किया भ्रमण।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एसएस कॉलेज विश्वविद्यालय का किया भ्रमण।
–वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण
–75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति अनिवार्य, शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता पर दिया जोर
–बोलीं राज्यपाल विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर और आदर्श संस्थान बनाने के लक्ष्य के साथ करें काम
–विद्यार्थियों को एआई और स्पेस टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण किया। पुस्तकालय में दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन कर उनके संरक्षण और पुस्तकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को आत्मनिर्भर और आदर्श संस्थान बनाने के लक्ष्य के साथ सभी को मिलकर काम करना चाहिए। विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, वित्त अधिकारी अर्चना त्रिपाठी और कुलसचिव वीके मौर्य ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मलीन स्वामी शुकदेवानंद जी के मंदिर में पूजन-अर्चन कर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कुलपति, वित्त अधिकारी, कुलसचिव और सभी संकायाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का संचालन पूरी पारदर्शिता और स्पष्ट कार्ययोजना के तहत होना चाहिए। प्रवेश परीक्षा सहित सभी प्रशासनिक कार्य समयबद्ध तरीके से कराए जाएं। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों को उनकी उत्तरपुस्तिकाओं और परीक्षा प्रदर्शन की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपनी गलतियों को समझकर सुधार कर सकें। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन की व्यवस्था करने और उनके अभिभावकों से भी संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय को शिक्षक, विद्यार्थी और आधारभूत सुविधाओं के मामले में व्यवस्थित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। परिसर भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने पुस्तकालय में उपलब्ध दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन किया। इनके संरक्षण के साथ पुस्तकों को ऑनलाइन करने, ई-बुक्स, ई-जर्नल्स और कंप्यूटर सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वाचनालय और अतिगोपनीय कक्ष का लोकार्पण भी किया। विज्ञान प्रयोगशालाओं में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और प्रयोगों के संबंध में सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए। प्रयोगशालाओं को इस तरह विकसित किया जाए, जहां वास्तविक परीक्षण और शोध कार्य हो सकें। साथ ही सभी विभागों में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभागीय पुस्तकालय विकसित करने के निर्देश दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया। छात्राओं ने गुजराती गरबा और कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। कुलपति ने राज्यपाल को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्र भारत में प्रत्येक व्यक्ति के लिए शिक्षा बेहद आवश्यक है, लेकिन शिक्षा ग्रहण करने के साथ उसे व्यावहारिक जीवन में उतारना भी जरूरी है। विद्यार्थियों की कक्षाओं में नियमित उपस्थिति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक होनी चाहिए।उन्होंने नशामुक्ति अभियान को शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वस्थ भारत का निर्माण नशामुक्त समाज से ही संभव है। विद्यार्थियों को अंतरिक्ष की ऊंचाइयों और समुद्र की गहराइयों तक पहुंचकर शोध करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वावलंबन आज की बड़ी आवश्यकता है। विश्वविद्यालय नैक मूल्यांकन की तैयारी अभी से शुरू करे और शैक्षणिक गुणवत्ता में लगातार सुधार करते हुए विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराए। छात्राओं की अधिक उपस्थिति की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज छात्राएं मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ रही हैं। विद्यार्थियों को विषम परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहने और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की भावना से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय एक आदर्श संस्थान के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। अपर मुख्य सचिव सुधीर एम. बोबडे ने भी विद्यार्थियों को डिजिटलाइजेशन के दौर में एआई जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह और डॉ. प्रवेंद्र दीक्षित की पुस्तक ‘मार्केटिंग रिसर्च’, डॉ. जेएस ओझा की पुस्तक ‘हिंदू लॉ’ तथा डॉ. जेएस ओझा, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. प्रदीप कुमार सिंह की पुस्तक ‘न्यू क्रिमिनल लॉ रेजीम एंड ह्यूमन राइट्स इन इंडिया’ का विमोचन किया गया।
!!एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण!!
राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह, एनसीसी अधिकारी डॉ. आलोक सिंह और एनसीसी कैडेट मौजूद रहे। भ्रमण के समापन पर राज्यपाल ने पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती से औपचारिक भेंट की। इसके बाद वह हेलीपैड के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान अपर मुख्य सचिव सुधीर बोबडे, एडीसी आर्मी मेजर गरिमा यादव, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित प्रशासनिक अधिकारी, विश्वविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।







