विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
शाहजहांपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत 12 नवम्बर को गांधी भवन प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत द्वारा प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी दायित्वों, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मो आवेश, पुलिस अधीक्षक नगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान निर्देशित किया कि सभी सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स आपस में बेहतर समन्वय एवं तालमेल स्थापित करें। दोनों अधिकारी एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा करते हुए निरंतर संपर्क में रहें, क्योंकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उन्हें आगामी चार माह तक साथ मिलकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने संबंधित उप जिलाधिकारियों के संपर्क में रहें तथा आपसी संवाद बनाए रखें। विधानसभा सामान्य निर्वाचन में संबंधित उप जिलाधिकारी ही रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगे, इसलिए सेक्टर अधिकारियों को उनके साथ समन्वय स्थापित करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों का संपादन करना होगा।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित मतदान केंद्रों एवं मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करें तथा वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का अवलोकन करें। यदि किसी सेक्टर के मतदान केंद्रों के बीच अधिक दूरी है अथवा मार्ग में किसी अन्य सेक्टर के मतदान केंद्र पड़ रहे हैं, तो आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सेक्टर के आवंटन में आवश्यक संशोधन कराने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण अधिकतम दो घंटे के भीतर पूरा हो सके, इसके लिए रूट की जानकारी पहले से होना आवश्यक है।उन्होंने मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों के जर्जर भवनों की स्थिति का विशेष रूप से निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा यदि किसी सेक्टर अधिकारी को आवंटित मतदान केंद्र का विद्यालय जर्जर अवस्था में पाया जाता है, तो तत्काल संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर से संपर्क कर मतदान केंद्र में आवश्यक बदलाव कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने, अपने निर्धारित रूट एवं आवंटित मतदान स्थलों का निरीक्षण करने तथा निर्वाचन संबंधी उपलब्ध कराई गई पुस्तिकाओं एवं बुकलेट का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए बनाए गए ग्रुप से जुड़ने तथा निर्वाचन संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने को कहा।पुलिस अधीक्षक द्वारा वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका सही एवं निष्पक्ष आकलन तभी संभव है, जब अधिकारी स्वयं किसी के प्रभाव, दबाव अथवा पूर्वाग्रह से मुक्त होकर कार्य करें। उन्होंने सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स को उनके कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के प्रति आरोप-प्रत्यारोप की भावना से कार्य न करें तथा पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन के दौरान क्या करना है तथा किन बातों का ध्यान रखना है, इस संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स को निर्वाचन पूर्व की जिम्मेदारियों, क्षेत्रीय निरीक्षण, न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, आदर्श आचार संहिता के अनुपालन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान के संबंध में प्रशिक्षित करना है, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।प्रशिक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा सेक्टर के गठन एवं सेक्टर अधिकारी की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान केंद्रों एवं सेक्टर ऑफिसर्स की संख्या के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र कटरा में 415 मतदान केंद्रों के लिए 35 सेक्टर ऑफिसर, जलालाबाद में 455 मतदान केंद्रों के लिए 35 सेक्टर ऑफिसर, तिलहर में 419 मतदान केंद्रों के लिए 32 सेक्टर ऑफिसर, पुवायां में 450 मतदान केंद्रों के लिए 42 सेक्टर ऑफिसर, शाहजहांपुर में 410 मतदान केंद्रों के लिए 32 सेक्टर ऑफिसर तथा ददरौल में 453 मतदान केंद्रों के लिए 33 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इस प्रकार जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2,602 मतदान केंद्रों के सापेक्ष 209 सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं।प्रशिक्षण में सेक्टर अधिकारियों की प्री-पोल जिम्मेदारियों पर विशेष रूप से विस्तार से जानकारी दी गई। सेक्टर के अंतर्गत आने वाले सभी 10 से 12 मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों एवं मतदान केंद्रों के भवनों का भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा, जिससे मतदान के दिन आवागमन एवं व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें रैंप, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं आवश्यक फर्नीचर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच करना शामिल है। निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करना, इसके उल्लंघन की घटनाओं पर सतर्क निगरानी रखना तथा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट करना सेक्टर अधिकारियों का महत्वपूर्ण दायित्व होगा। इसके अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों, मोहल्लों एवं कमजोर वर्गों की पहचान की जाएगी। साथ ही मतदाताओं को भयभीत करने वाले बाहुबल एवं धनबल का प्रयोग करने वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई एवं पाबंदी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स के बीच आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आगामी चार माह तक सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स को आपसी संपर्क एवं समन्वय स्थापित करते हुए साथ मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करने, वल्नरेबिलिटी मैपिंग करने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के लिए दोनों अधिकारियों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग आवश्यक है।इस दौरान सेक्टर ऑफिसर्स एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर्स सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
_______







