वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवीन सर्किट हाउस पहुँच मार्ग का किया शिलान्यास, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवीन सर्किट हाउस पहुँच मार्ग का किया शिलान्यास, वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

मातृभूमि की पुकार( संवाददाता )
शाहजहाँपुर, 18 जुलाई। शनिवार को शाहजहाँपुर में दिल्ली-लखनऊ मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-30) से नवीन सर्किट हाउस तक पहुँच मार्ग (रिट्रीट मार्ग) के निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधिवत शिलान्यास कर बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।सांसद अरुण कुमार सागर ने अपने संबोधन में कहा कि सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व एवं निरंतर प्रयासों से शाहजहाँपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद में हो रहे विकास कार्यों के लिए वे माननीय मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनके सहयोग और प्रयासों से शाहजहाँपुर को अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिससे जनपद का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है।एमएलसी डॉ सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के सतत मार्गदर्शन, दूरदर्शी सोच एवं जनपद के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण शाहजहाँपुर निरंतर विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद को आधुनिक अवसंरचना, बेहतर सड़कें, खेल सुविधाएँ तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की जो सौगात मिली है, वह माननीय मंत्री जी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन सर्किट हाउस तक पहुँच मार्ग का निर्माण पूर्ण होने के बाद आवागमन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा तथा यह परियोजना जनपद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए प्राप्त बजट में सुरेश कुमार खन्ना का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि नवीन सर्किट हाउस तक पहुँच मार्ग का निर्माण जनपद की आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत करेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगा।इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नवीन सर्किट हाउस तक बेहतर एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1.200 किलोमीटर लंबा तथा 7.20 मीटर चौड़ा यह मार्ग 20 सेंटीमीटर मोटाई के साथ उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्मित किया जाएगा। यह मार्ग सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा रहेगा, जिससे नवीन सर्किट हाउस तक निर्बाध एवं सुगम संपर्क स्थापित होगा।उन्होंने कहा कि किसी भी सर्किट हाउस की उपयोगिता तभी बढ़ती है, जब उसकी कनेक्टिविटी उत्कृष्ट हो। राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ने वाला यह मार्ग जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन के लिए आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाएगा। उन्होंने बताया कि नवीन सर्किट हाउस का शिलान्यास 30 मार्च, 2025 को किया जा चुका है तथा आज उसके पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की सराहना भी की।उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य की स्वीकृत लागत ₹713.01 लाख है। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत नवीन सर्किट हाउस तक आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित होगा।कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया। निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग है।




