उत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद

एक किलोमीटर तक चला जिंदगी बचाने का ऑपरेशन,उपनिरीक्षक अजय कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना रामगंगा नदी में लगाई छलांग !

एक किलोमीटर तक चला जिंदगी बचाने का ऑपरेशन,उपनिरीक्षक अजय कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना रामगंगा नदी में लगाई छलांग 

 

     ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद संजीव कुमार प्रजापति

 

एक किलोमीटर तक चला जिंदगी बचाने का ऑपरेशन, पुलिस के साथ नदी में उतरे ग्रामीण, शालू को सकुशल बाहर निकालकर टाला बड़ा हादसा

अल्हागंज:- रामगंगा पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब आपसी विवाद से नाराज एक युवक ने स्कूटी पुल पर खड़ी करने के बाद नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही अल्हागंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।

हालात की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक अजय कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने नदी में युवक की तलाश शुरू की। पुलिस के साथ रघुनाथपुर निवासी दीपक सिंह, धर्मेंद्र समेत अन्य ग्रामीण भी नदी में उतर गए।

पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर तक नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद फर्रुखाबाद के सेठ गली निवासी शालू वर्मा पुत्र स्वर्गीय उमाकांत वर्मा को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार युवक किसी आपसी विवाद से नाराज होकर घर से निकला था। वह स्कूटी लेकर रामगंगा पुल पर पहुंचा और स्कूटी पुल पर खड़ी करने के बाद नदी में कूद गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया।

युवक के भाई बैलेश वर्मा ने अल्हागंज पुलिस, उपनिरीक्षक अजय कुमार, थाना प्रभारी ओमप्रकाश समेत पूरी पुलिस टीम और रेस्क्यू अभियान में शामिल ग्रामीणों का आभार जताया। रामगंगा के बीच तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर तक चले इस रेस्क्यू अभियान में पुलिस और ग्रामीणों की एकजुटता ने एक परिवार को उजड़ने से बचा लिया। समय रहते किए गए साहसिक प्रयास से बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button