मिर्जापुर कस्बे में बंदर और सांडों का आतंक, व्यापारियों व नागरिकों ने एसडीएम से लगाई गुहार

मिर्जापुर कस्बे में बंदर और सांडों का आतंक, व्यापारियों व नागरिकों ने एसडीएम से लगाई गुहार

मातृभूमि की पुकार ( संवाददाता)
मिर्जापुर। कस्बे में आवारा पशुओं, विशेषकर बंदरों और सांडों के बढ़ते आतंक से व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। इस संबंध में कस्बे के व्यापारियों एवं नागरिकों ने उपजिलाधिकारी कलान को शिकायती पत्र देकर समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान की मांग की है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि पिछले काफी समय से मिर्जापुर कस्बे के मुख्य बाजार तथा प्रमुख आवागमन वाले मार्गों पर बड़ी संख्या में आवारा पशु और बंदर घूमते रहते हैं। इनके कारण आम नागरिकों, राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों एवं व्यापारियों की जान-माल पर गंभीर खतरा बना हुआ है। पत्र में बताया गया कि बीते दिनों एक सांड की टक्कर से एक व्यापारी घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है। इसके अलावा बंदरों के हमले की घटनाओं से भी लोग भयभीत हैं।
व्यापारियों का कहना है कि आए दिन सांडों के इधर-उधर भागने तथा बंदरों के उत्पात के कारण बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है। दुकानों के सामने रखे सामान को नुकसान पहुंचने तथा व्यापारियों की संपत्ति क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।व्यापारियों एवं नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं और बंदरों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित गौशाला अथवा आश्रय स्थल में भेजने की व्यवस्था की जाए। साथ ही भविष्य में बंदरों एवं आवारा पशुओं को दोबारा बाजार और मुख्य मार्गों पर आने से रोकने के लिए भी ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापारी एवं नागरिक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। लोगों ने जनहित में तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में अजय गुप्ता,जितेंद्र शर्मा,ओमवीर आशीष पांडेय, मोहित गुप्ता ,अतुल गुप्ता,इंद्रजीत हुसैन,जगमोहन, रोहित,देवेंद्र पांडे, देवेंद्र यादव,राकेश कुमार, प्रेम प्रकाश गुप्ता, ज्ञानेंद्र सिंह, राजू गुप्ता, मनोज गुप्ता,अमित कुमार गुप्ता ,राजत बजरंगी, आर्येंद्र गुप्ता आदि लोग शामिल रहे।






