परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की आधुनिक खेल सुविधाओं का वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया लोकार्पण।

परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की आधुनिक खेल सुविधाओं का वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया लोकार्पण।

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
शाहजहाँपुर, 18 जुलाई। जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर एवं आधुनिक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री सुरेश कुमार खन्ना के करकमलों द्वारा ₹2632.76 लाख की लागत से परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में विकसित आधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सांसद अरुण कुमार सागर, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर तरणताल, बैडमिंटन कोर्ट एवं कबड्डी इंडोर हॉल का उद्घाटन किया तथा सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का बटन दबाकर शिलापट्ट का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट में खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा कहा कि अब उन्हें आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ लेने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती चंचल मिश्रा ने मुख्य अतिथि को पटका एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया, जबकि अन्य अतिथियों का स्वागत जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्टेडियम में कराए गए नवीन निर्माण कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।अपने संबोधन में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सुरेश कुमार खन्ना के सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग के कारण शाहजहाँपुर में खेल अवसंरचना सहित विभिन्न विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जिसे दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला खेल प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए लगभग ₹5 से ₹6 लाख प्रतिमाह व्यय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद के 9 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि माननीय श्री सुरेश कुमार खन्ना के नेतृत्व में शाहजहाँपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। खेल, सड़क, शिक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्य जनपद की नई पहचान बन रहे हैं। उन्होंने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए माननीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माहिका खन्ना ने कहा कि इतने आधुनिक खेल परिसर को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के माध्यम से शाहजहाँपुर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने माननीय श्री सुरेश कुमार खन्ना एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मिली प्रेरणा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि यहाँ आयोजित प्रतियोगिताओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया जाए।अपने संबोधन में सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर का यह आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम पूरे बरेली मंडल के लिए गौरव का विषय है। स्टेडियम में स्विमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, कबड्डी इंडोर हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कक्ष, क्रिकेट पिच, सिटिंग एरिया, सेल्फी पॉइंट एवं सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएँ विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का संरक्षण एवं रखरखाव करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम में जनरेटर की व्यवस्था शीघ्र कराई जाएगी तथा हॉकी क्लब की स्थापना भी की जाएगी। मंत्री ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए सरकार द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने वाराणसी के ओलंपियन ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा डिप्टी एसपी के पद पर सीधी नियुक्ति दिए जाने का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान सांसद अरुण कुमार सागर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, उपसभापति वेदप्रकाश मौर्य, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि, विनीत मिश्रा, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




