उत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद

जनपद में तीन सितंबर को बाढ़ राहत सामग्री वितरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित ! 

जनपद में तीन सितंबर को बाढ़ राहत सामग्री वितरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित ! 

ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद /संजीव कुमार प्रजापति

फर्रुखाबाद:- जनपद में तीन सितंबर को बाढ़ राहत सामग्री वितरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी में बनाया गया सभास्थल व मैदान मंगलवार भोर में हुई बारिश से दलदल में तब्दील हो गया। इससे प्रशासन ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदलकर फतेहगढ़ पुलिस लाइन मैदान कर दिया। मंगलवार को सभास्थल पर तैयारियां चलती रहीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तीन सितंबर को जनपद में आ सकते हैं। इसके लिए राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी में सभास्थल बनाया जा रहा था। वहां जेसीबी व प्रेशर रोलर लगाकर सोमवार को भूमि का समतलीकरण कराया गया। इसके बाद मंगलवार भोर में झमाझम बारिश हो गई। बारिश थमने के बाद सभास्थल पर टेंट, मंच बनाने की सामग्री, कूलर, साउंड आदि भी पहुंच गया। बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर भी पहुंचा दिया गया। बारिश से मैदान में इस कदर दलदल हो गया कि वहां सामग्री लेकर पहुंचे लोडर आदि वाहन दलदल में ही फंस गए। लोडर कीचड़ में फंसने से वहां काम में लगे मजदूरों ने रस्सी से खींचकर बाहर निकाला। मैदान का पानी निकालने के लिए वहां गड्ढे भी किए गए पर उसका लाभ नहीं मिला। 

जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदलकर पुलिस लाइन मैदान में बनाने के आदेश दिए।

इसी के बाद डबरी में पहुंचायी गई सभास्थल की सामग्री लाकर पुलिस लाइन पहुंचाई गई। वहां सभास्थल बनाने के लिए टेंट, मंच आदि बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। कार्यक्रम स्थल तैयार कराने में अधिकारी भी दिन भर जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर ही बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री राहत सामग्री भी वितरित करेंगे। जिलाधिकारी डाॅ.अंकुर लाठर ने बताया कि डबरी में तैयार किए जा रहे कार्यक्रम स्थल के मैदान में बारिश से कीचड़ व दलदल हो गया था। इसके चलते अब पुलिस लाइन मैदान में कार्यक्रम स्थल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल एक तरीके से बाढ़ राहत शिविर होगा। सभास्थल पर मुख्यमंत्री सभी तहसील क्षेत्रों के करीब एक हजार बाढ़ पीड़ितों को राहत किट का वितरण करेंगे।

सभास्थल बदलने से सुधरने वाली व्यवस्थाओं पर पानी फिरा ! 

डबरी में बनाए जा रहे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से ग्रामीणों को वहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की उम्मीद थी। तिरछे बिजली के खंभे बदलने की तैयारी थी। लोगों को सड़क किनारे लगे घूरे आदि भी साफ होने की उम्मीद थी। बारिश से मैदान में कीचड़ होने से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल ही बदल गया। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं में होने वाले सुधार की उम्मीद पर ही पानी फिर गया। कुछ घूरे के ढेर हटा भी दिए गए थे। सड़क किनारे लगे बठिया भी हटाए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button