बछलैया गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल, सफाईकर्मियों की लापरवाही से ग्रामीण परेशान।

ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद/ संजीव कुमार प्रजापति
बछलैया गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल, सफाईकर्मियों की लापरवाही से ग्रामीण परेशान।

शमसाबाद/बछलैया। ग्राम पंचायत बछलैया में नियमित सफाई व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गलियां गंदगी से अटी पड़ी हैं और नालियों की स्थिति भी बदहाल है। जगह-जगह कूड़ा जमा होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां लंबे समय से कूड़े-कचरे से पटी पड़ी हैं। नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी रास्तों में भर जाता है। इससे आसपास दुर्गंध फैलने के साथ ही लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मुख्य नाले की कई वर्षों से नियमित सफाई नहीं हुई है। कभी-कभार नाले की सफाई होने पर निकाली गई गंदगी और कीचड़ को भी उचित स्थान पर नहीं हटाया जाता। इसके चलते बारिश और पानी के बहाव के दौरान वही कूड़ा दोबारा नाले में पहुंच जाता है और जल निकासी का रास्ता फिर से बंद हो जाता है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने, मुख्य नाले की सफाई कराने तथा नालियों से निकाले गए कूड़े को तत्काल हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बरसात में जलभराव और बीमारी की समस्या और बढ़ सकती है।






