जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश।

जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश।

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
शाहजहांपुर, 15 अक्टूबर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला सड़क सुरक्षा, परिवहन सुरक्षा एवं विद्यालय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने गत माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि सितंबर 2025 की तुलना में सितंबर 2026 में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में 4 प्रतिशत तथा सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में 40 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि अधिकांश मृतक पैदल चलने वाले अथवा मोटरसाइकिल सवार थे। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं जनपद के प्रमुख मार्गों पर बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने तथा निर्धारित गति सीमा के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को हेतु निर्देशित किया।उन्होंने अटसलिया से बरेली मोड़ तक लखनऊ-दिल्ली मार्ग की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। गत माह बंडा, खुटार, कांट एवं जलालाबाद क्षेत्रों में अधिक सड़क दुर्घटनाएं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक, गति सीमा बोर्ड एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा संकेतक लगाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






