मोबाइल छीनकर भाग रहे हरदोई जनपद के तीन युवकों को मिर्जापुर पुलिस ने दबोचा।

मोबाइल छीनकर भाग रहे हरदोई जनपद के तीन युवकों को मिर्जापुर पुलिस ने दबोचा।

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
मिर्जापुर, शाहजहांपुर। मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन युवकों को मिर्जापुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, मोटरसाइकिल के आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर लाल रंग की अपाचे बाइक को सीज कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को मिर्जापुर थाना पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर चौराहे पर लोगों ने सूचना दी कि तीन युवक लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनकर कलान की ओर भाग गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और थरिया बॉर्डर, कलान की ओर पहुंची। वहां राहगीरों से जानकारी मिली कि मोबाइल छीनकर भाग रहे युवकों को कुछ लोगों ने मुबारकपुर चौराहे पर पकड़ लिया है।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान कुलदीप पुत्र जगमोहन (22 वर्ष), लालू पुत्र अखिलेश (20 वर्ष) और अंकित पुत्र शिवकुमार (18 वर्ष), निवासी कस्बा व थाना हरपालपुर, जनपद हरदोई के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया।इस मामले में थाना मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को 13 अक्टूबर की रात 12:07 बजे मुबारकपुर चौराहे पर हिरासत में लिया गया। उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार गौतम, उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक बंटी कुमार, कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।






