गंगा एक्सप्रेस वे लिंक रोड पर बाईक फिसलने से तीन कांवरिया घायल एक एक हालत गंभीर इलाज जारी

गंगा एक्सप्रेस वे लिंक रोड पर बाईक फिसलने से तीन कांवरिया घायल एक एक हालत गंभीर इलाज जारी
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर । डाक कांवड़ लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे के साथ रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद क्षेत्र में लिंक रोड के पास बाइक फिसलने से तीन कांवड़िए घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जानकारी के अनुसार थाना कटरा क्षेत्र के फीलनगर निवासी करीब 38 लोगों का जत्था फर्रुखाबाद से डाक कांवड़ लेने गया था। शनिवार शाम को जत्था घर से रवाना हुआ था, जिसमें सात बाइक शामिल थीं, जबकि कुछ श्रद्धालु पैदल चल रहे थे। रविवार को सभी श्रद्धालु फर्रुखाबाद से जल लेकर मदनापुर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर स्थित धाम के लिए लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जलालाबाद थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे लिंक रोड के पास पहुंचते ही एक अज्ञात बाइक सवार ने पैदल चल रहे एक कांवड़िए को पीछे से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद जत्थे में शामिल विवेक मौर्य, विकास मौर्य और जितिन मौर्य ने आरोपी बाइक सवार का पीछा किया। पीछा करते समय तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। इस बीच चौक कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए बाइक सवार की तलाश में जुटी है।




