ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय में 24 अगस्त से नगर निगम कार्यों का नए भवन में होगा संचालन

ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय में 24 अगस्त से नगर निगम कार्यों का नए भवन में होगा संचालन

मातृभूमि की पुकार।संवाददाता
शाहजहांपुर, 21 अगस्त। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन के धरातल एवं प्रथम तल पर स्थित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों तल के अधिकांश कक्षों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण पाया गया।जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि 24 अगस्त, सोमवार से नए भवन में नगर निगम कार्यालय का संचालन प्रारंभ कर दिया जाए। उन्होंने शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय का संचालन भी इसी भवन से किए जाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को नगर निगम एवं प्राधिकरण से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई तथा अन्य आवश्यक कार्य भी नए कार्यालय भवन में प्रारंभ किए जाएं और संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि भवन का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अर्बन हाट एवं ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य अक्टूबर माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।उन्होंने शहर में निर्माणाधीन नक्षत्रशाला, प्लैनोटोरियम एवं कार पार्किंग के कार्यों की भी जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाकर इन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूरा कराए जाने से शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहरी विकास को गति मिलेगी।निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, एस.के. सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के अभियंता उपस्थित रहे।






