खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

मातृभूमि की पुकार।संवाददाता
शाहजहांपुर, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले में छापामार एवं निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर खाद्य सुरक्षा टीम ने बरेली मोड़ स्थित कनक इंटरप्राइजेज (कनक स्टेशन बेकरी) से बनीला फ्लेवर केक मिक्स का एक नमूना, चिनौर स्थित बाबा बेकरी से मिल्क रस्क का एक नमूना, नवादा इंदेपुर स्थित ए0के0पी0के0 फूड प्रोडक्ट से मिल्क रस्क का एक नमूना तथा कटरा तिलहर स्थित क्रीमी फूड मधुसूदन डेयरी के संग्रहण केंद्र से मिश्रित दूध के दो नमूने लिए।इसके अलावा पुवायां के बड़ागांव स्थित गोल्डी स्वीट्स से बेसन लड्डू का एक नमूना भी नियमानुसार संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बाबा बेकरी और फूड प्रोडक्ट को सुधार नोटिस
निरीक्षण के दौरान बाबा बेकरी एवं ए0के0पी0के0 फूड प्रोडक्ट में मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी बेकरी इकाइयों को खाद्य पदार्थों में रंगों का प्रयोग निर्धारित एवं सीमित मात्रा में करने के निर्देश भी दिए।कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार और विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनहित में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छापामार एवं निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।





