उत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद

बाढ़ पीड़ितों को राहत देने कल आएंगे सीएम योगी, पुलिस लाइन में युद्धस्तर पर तैयारियां तेज ।

बाढ़ पीड़ितों को राहत देने कल आएंगे सीएम योगी, पुलिस लाइन में युद्धस्तर पर तैयारियां तेज ।

ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद /संजीव कुमार प्रजापति

फर्रुखाबादउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फर्रुखाबाद के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। सीएम योगी यहां पुलिस लाइन मैदान में आयोजित विशाल कार्यक्रम के दौरान बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पुलिस लाइन मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

वाटरप्रूफ पंडाल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम स्थल पर बारिश और मौसम के मिजाज को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। भीषण गर्मी और उमस से बचाव के लिए पंडाल में पर्याप्त कूलर और पंखे लगाए जा रहे हैं। लाभार्थियों और आमजन के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जिसमें महिला व पुरुष दीर्घा अलग-अलग बनाई गई हैं। आवागमन को सुगम और सुरक्षित रखने के लिए पूरे परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग की गई है।

परिसर में ही बना हेलीपैड, अलग रास्ता तैयार
सीएम योगी के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए पुलिस लाइन परिसर के भीतर ही सुरक्षित हेलीपैड बनाया गया है। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए हेलीपैड को चारों तरफ से बैरिकेड किया गया है, जहां से सीधे मुख्य मंच तक पहुंचने के लिए एक विशेष व सुरक्षित मार्ग भी तैयार किया गया है।

अमृतपुर में दलदल के बाद पुलिस लाइन शिफ्ट हुआ वेन्यू। 


सीएम का यह कार्यक्रम पहले अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के डबरी में आयोजित होना तय हुआ था। हालांकि, लगातार बारिश के कारण वहां मैदान में भारी कीचड़ और दलदल की स्थिति बन गई। सुरक्षा और प्रशासनिक सहूलियत को देखते हुए आनन-फानन में कार्यक्रम स्थल बदलकर शहर के पुलिस लाइन मैदान को चुना गया, जहां मंगलवार से ही तैयारियां चल रही हैं।

बाढ़ में बेघर हुए परिवारों को मिलेगा पट्टा और आर्थिक मदद। 

सीएम योगी राहत किट बांटने के साथ-साथ उन प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत देंगे जिनके मकान गंगा के कटान में समा गए हैं। ऐसे परिवारों को नया आशियाना बनाने के लिए आवासीय भूमि का पट्टा और आर्थिक सहायता राशि के चेक सौंपे जाएंगे।

डीएम-एसपी सहित जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा
तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को डीएम डॉ. अंकुर लाठर, एसपी आरती सिंह, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, एडीएम अरुण कुमार और सीडीओ सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने पंडाल निर्माण, हेलीपैड और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भी स्थल का मुआयना कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button