शाहजहांपुर

प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” से जुड़ा शाहजहाँपुर, सभी 15 विकास खंडों में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” से जुड़ा शाहजहाँपुर, सभी 15 विकास खंडों में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ


मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहाँपुर, 2 अगस्त 2026। मेरा युवा भारत (MY Bharat), शाहजहाँपुर के तत्वावधान में रविवार को अकररा रसूलपुर स्थित मीटिंग हॉल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के राष्ट्रीय लाइव प्रसारण का सामूहिक अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। देशव्यापी अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर के उप निदेशक श्री माहे आलम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों, कस्बों एवं शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ें। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में उनका महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।प्रधानमंत्री के प्रेरक संदेश के उपरांत उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने नशे से स्वयं दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति और परिवार को ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति एवं युवा शक्ति को भी कमजोर करता है। युवाओं ने संकल्प व्यक्त किया कि वे खेल, शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सेवा एवं सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।इस अवसर पर शाहजहाँपुर जनपद के सभी 15 विकास खंडों में भी मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों द्वारा प्रधानमंत्री के संबोधन का सामूहिक श्रवण कराया गया। जनपद भर में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों युवाओं ने भाग लेकर नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय, सृष्टि मिश्रा, करन शर्मा, जहीद आलम, अमित कुमार, शिवेंद्र तिवारी, पूजा सिंह सहित जनपद के समस्त राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। सभी स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन, समन्वय, प्रतिभागियों के मार्गदर्शन एवं व्यवस्थाओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अंत में मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर द्वारा सभी स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि नशामुक्त भारत का लक्ष्य केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। आने वाले समय में भी जनपद में युवाओं को राष्ट्रहित, सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा से जोड़ने हेतु ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button