युवाओं के भविष्य को पंख लगाएंगे विधायक: जलालाबाद, कलान और अल्हागंज को मिलेगी 4.5 करोड़ की ई-लाइब्रेरी

युवाओं के भविष्य को पंख लगाएंगे विधायक: जलालाबाद, कलान और अल्हागंज को मिलेगी 4.5 करोड़ की ई-लाइब्रेरी
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
जलालाबाद (शाहजहाँपुर)। क्षेत्र के विकास पुरुष के रूप में अपनी पहचान बना चुके क्षेत्रीय विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को डिजिटल युग से जोड़ने के लिए एक बड़ा उपहार दिया है। विधायक ने घोषणा की है कि जलालाबाद, कलान और अल्हागंज में 1.5-1.5 करोड़ रुपये (कुल 4.5 करोड़) की लागत से अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा।
प्रतापनगर स्थित कौशल विकास केंद्र पहुंचे विधायक ने फीता काटकर नए प्रशिक्षण सत्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक प्रतीक सिंह ने विधायक का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि कौशल विकास ही वह माध्यम है जिससे युवा न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि देश की प्रगति में भी योगदान देंगे।
विकास की नई इबारत लिखते हुए विधायक जी ने बताया कि उनका लक्ष्य हर छात्र को सुलभ और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसी कड़ी में क्षेत्र के तीन प्रमुख केंद्रों—कलान, अल्हागंज और जलालाबाद—में ई-लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है।
शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज में बदलाव लाया जा सकता है। ई-लाइब्रेरी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को दुनिया भर की पाठ्य सामग्री एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी सफलता का परचम लहरा सकेंगे।-हरिप्रकाश वर्मा, विधायक (जलालाबाद)
विधायक द्वारा की गई इस घोषणा के बाद क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक के प्रयासों से जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में एक मॉडल बनकर उभर रहा है। ई-लाइब्रेरी का यह कदम गरीब और मेधावी छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जिन्हें अब उच्च शिक्षा और तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक जी की इस दूरदर्शी सोच और विकासपरक नीति की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।




