गांधी फैज़-ए-आम कॉलेज में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट’ (पड़ोस युवा संसद) का भव्य आयोजन

गांधी फैज़-ए-आम कॉलेज में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट’ (पड़ोस युवा संसद) का भव्य आयोजन
मातृभूमि की पुकार ( संवाददाता)
शाहजहाँपुर | दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को ‘मेरा युवा भारत’ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में शहर के प्रतिष्ठित गांधी फैज़-ए-आम (जी.एफ.) महाविद्यालय में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट’ (पड़ोस युवा संसद) का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहसिन हसन खान की मुख्य भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में इस वृहद कार्यक्रम का आयोजन संभव हो सका।युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता और स्लोगन राइटिंग (नारा लेखन) प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें गांधी फैज़-ए-आम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी तार्किक प्रतिभा, ओजस्वी वक्तव्यों और विचारोत्तेजक नारों से पूरे समां को बांध दिया और उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।प्रतियोगिताओं के सफल संचालन और प्रतिभागियों के निष्पक्ष मूल्यांकन की जिम्मेदारी महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों ने संभाली। राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रईस अहमद और इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. तनवीर हुसैन ने निर्णायक मंडल (जज) की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने छात्रों की अभिव्यक्ति क्षमता, विषय ज्ञान और प्रस्तुतिकरण का बारीकी से आकलन किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की भरपूर सराहना की।
कार्यक्रम के मंच का कुशल एवं प्रभावी संचालन ‘मेरा युवा भारत’ के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडे ने किया। इस अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ के सभी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, कॉलेज का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






