स्टेट हाईवे पर जानलेवा गड्ढे, हादसे का खतरा बढ़ा सावन में बढ़ा यातायात का दबाव, जरीनपुर से रुकनपुर तक सड़क की हालत चिंताजनक

स्टेट हाईवे पर जानलेवा गड्ढे, हादसे का खतरा बढ़ा सावन में बढ़ा यातायात का दबाव, जरीनपुर से रुकनपुर तक सड़क की हालत चिंताजनक
मातृभूमि की पुकार (ब्यूरो)

मिर्जापुर। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। पवित्र सावन मास में कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। ऐसे में सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।मिर्जापुर क्षेत्र में हाईवे की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक बनी हुई है। जरीनपुर तिराहे के पास हाईवे पर दो बड़े गड्ढे, जबकि मिर्जापुर कबाड़े के पास सड़क पर बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक इन गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक परेशान होते हैं और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।वहीं कलान क्षेत्र के रुकनपुर में हाईवे के बीचों-बीच बना गहरा गड्ढा भी दुर्घटना को न्योता दे रहा है। रात के समय पर्याप्त रोशनी और स्पष्ट संकेतक नहीं होने के कारण इन गड्ढों का खतरा और बढ़ जाता है। तेज रफ्तार में आने वाले वाहन चालकों को अचानक गड्ढा दिखाई देने पर वाहन नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है।हैरानी की बात यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके बावजूद चौड़ी की गई सड़क पर गहरे गड्ढे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम थरिया के समीप रोड पर बने गड्ढे को तत्काल भरने के बजाय उनके आसपास ईंटों का घेरा बना दिया गया है।स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सावन के दौरान बढ़े यातायात को देखते हुए हाईवे के सभी खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
फोटो भेजने पर जल्द कराया जाएगा कार्य
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रथिन सिन्हा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क पर गड्ढे वाले स्थानों की फोटो भेज दी जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही आवश्यक कार्य कराया जाएगा।






