फर्रुखाबाद
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज करने और पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
मातृभूमि की पुकार | संवाददाता
फर्रुखाबाद, 13 अगस्त। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फर्रुखाबाद जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने जनपद में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत राशि वितरण, पट्टा आवंटन एवं राहत कार्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और कृमिनाशक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।प्रभारी मंत्री ने कृषि कार्यों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।






