शाहजहांपुर

शाहजहांपुर में विकास परियोजनाओं का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश

शाहजहांपुर में विकास परियोजनाओं का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के दिए निर्देश


निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम और मल्टीलेवल कार पार्किंग का लिया जायजा, समयसीमा में कार्य पूरा करने पर जोर

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहांपुर, 24 जुलाई। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने शुक्रवार को शहर की महत्वपूर्ण निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन हॉकी क्लब, प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला) एवं मल्टीलेवल कार पार्किंग का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराई जाएं।निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री के साथ ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता तथा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा भी मौजूद रहे।अधिकारियों ने बताया कि लगभग ₹13.11 करोड़ की लागत से आधुनिक हॉकी क्लब का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत ₹1323.90 लाख की लागत से मल्टीलेवल कार पार्किंग तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत ₹2037.37 लाख की लागत से अत्याधुनिक प्लैनेटोरियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मल्टीलेवल कार पार्किंग परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल का निर्माण पूर्ण हो गया है, जबकि चिनाई का कार्य जारी है। परियोजना को फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना में लिफ्ट, फायर फाइटिंग सिस्टम, गार्ड रूम, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।प्रभारी मंत्री ने प्लैनेटोरियम (नक्षत्रशाला) का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की लगभग 60 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है। यहां बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच एवं जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों एवं आकर्षणों से युक्त विशेष साइंस जोन विकसित किया जाएगा, जहां विज्ञान को रोचक और व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।परियोजना के अंतर्गत आधुनिक जिम, लाइब्रेरी, साइबर कैफे सहित अन्य जनोपयोगी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में दो अतिरिक्त प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे, जिससे आवागमन अधिक सुगम हो सके।निरीक्षण के अंत में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शाहजहांपुर को खेल, विज्ञान और शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, अभियंता एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button