शाहजहांपुर

बाढ़ से पहले सरकार अलर्ट: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने तटबंधों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बाढ़ से पहले सरकार अलर्ट: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने तटबंधों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


कटान प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से जाना हाल, बोले— जन-धन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहांपुर, 24 जुलाई। जनपद में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गर्रा नदी के दाहिने तट पर संचालित कटाव निरोधक परियोजनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।प्रभारी मंत्री ने ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा तथा अन्य अधिकारियों के साथ ग्राम शाहबाजपुर, सरौरा एवं सरौरी सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर उनकी राय जानी।ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान कुलदीप ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए कटान निरोधक कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि परियोजना से क्षेत्र में बाढ़ और नदी कटान का खतरा काफी हद तक कम हुआ है। ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों की बाढ़ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी योजना बनाकर उसका सफल क्रियान्वयन कराया है।प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यदि किसी भी नदी के किनारे कटान की स्थिति उत्पन्न होती है तो ग्रामीण तत्काल सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनहानि रोकना और किसानों की भूमि को सुरक्षित रखना है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में बाढ़ से निपटने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग पर खड़ंजा निर्माण एवं नदी किनारे आवागमन के लिए मार्ग निर्माण की मांग रखी। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने बताया कि जनपद में बाढ़ सुरक्षा के लिए 19 बांधों का निर्माण कराया गया है, जिससे लगभग 5,000 लोगों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित पुल के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में बाढ़ से बचाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की।निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button