शाहजहांपुर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गन्ना किसान डिग्री कॉलेज पुवायां की सामान्य निकाय बैठक संपन्न।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गन्ना किसान डिग्री कॉलेज पुवायां की सामान्य निकाय बैठक संपन्न।


मातृभूमि की पुकार ( संवाददाता)


शाहजहांपुर, 22 जून 2026। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गन्ना किसान डिग्री कॉलेज, पुवायां की सामान्य निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित वीसी सभागार में संपन्न हुई। बैठक में गत कार्यवाही की पुष्टि के उपरांत एजेंडा बिंदुओं के क्रम में कृषि स्नातक कक्षाओं के संचालन सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उप जिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज ने अवगत कराया कि प्रधानाचार्य की नियुक्ति के एक माह पश्चात भी प्रधानाचार्य नियमित रूप से कार्यभार ग्रहण कर महाविद्यालय नहीं आ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सामान्य निकाय के कुछ सदस्य पद रिक्त हैं तथा चयनित कुछ सदस्य बैठकों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं होते हैं। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जे के संबंध में भी समिति के सदस्यों द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रधानाचार्य की नियुक्ति हेतु पुनः विज्ञापन जारी कर नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि जो सदस्य लगातार बैठकों में अनुपस्थित रहते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा रिक्त पदों पर नए सदस्यों का चयन किया जाए। महाविद्यालय की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी पुवायां को संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा 15 दिनों के भीतर भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में संयुक्त सचिव, गन्ना किसान डिग्री कॉलेज पुवायां एवं उप जिलाधिकारी सदानंद सरोज, प्रधान प्रबंधक किसान सहकारी चीनी मिल पुवायां, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति पुवायां, अध्यक्ष सहकारी गन्ना विकास समिति पुवायां महेंद्र पाल, उपाध्यक्ष चीनी मिल देवेंद्र अवस्थी, गुरबचन सिंह, विनोद सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button