शाहजहांपुर को मिली 47 करोड़ की सौगात, राज्य मंत्री परिवहन एवं वित्त मंत्री ने 4 बड़ी परियोजनाओं का किया लोकार्पण
परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव: नए सेटेलाइट बस अड्डे से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

शाहजहांपुर को मिली 47 करोड़ की सौगात, राज्य मंत्री परिवहन एवं वित्त मंत्री ने 4 बड़ी परियोजनाओं का किया लोकार्पण
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
अहमदपुर नियाजपुर में बना आधुनिक सैटेलाइट बस अड्डा, कई शहरों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव: नए सेटेलाइट बस अड्डे से यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
शाहजहांपुर 20 अप्रैल। उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना एवं उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री परिवहन विभाग (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के कर कमलों द्वारा बटन दबाकर 47 करोड रुपए की लागत से 04 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। मा० मंत्री जी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर बस अड्डे से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जनपद शाहजहाँपुर में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पूर्व निर्मित बस स्टेशन का सौन्दर्याकरण का कार्य (लागत- 1894.83 लाख रुपए का लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी सैटेलाईट बस अड्डा के निर्माण कार्य (लागत- 1248.51 लाख रुपए का कार्यशाला का निर्माण कार्य (लागत- 1059.53 लाख रुपए का) डिटेन्शन/डम्पिंग यार्ड के निर्माण कार्य (लागत- 239.44 लाख रुपए का माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश शासन प्रेरणा से नया सैटेलाइट बस स्टैंड अहमदपुर नियाजपुर में लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। नवनिर्मित सैटेलाइट बस अड्डे का नाम महान समाजसेवी एवं आदर्श शासक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के सम्मान में रखा गया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए प्रसन्नता व्यक्ति की। उन्होंने कहा कि शाहजहाँपुर में लंबे समय से एक सुव्यवस्थित बस अड्डे की आवश्यकता थी। पुराना बस अड्डा अत्यधिक भीड़भाड़ एवं संकरे क्षेत्र में स्थित होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए इस सैटेलाइट बस अड्डे का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस नए बस अड्डे के माध्यम से शाहजहाँपुर को बरेली, लखनऊ, सीतापुर एवं दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों से सुगमता से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि कांट,पुवाया, तिलहर में बस अड्डे, डंपिंग यार्ड का कार्य एवं जनपद स्तर पर ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं रिसर्च सेंटर निर्माण कराया जाएगा।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि 47 करोड रुपए की लागत से चार परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है यह एक जिले के लिए बहुत बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि इस बस अड्डे के निर्माण से चारों तरफ कनेक्टिविटी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर आज बस अड्डा बनाया गया है, वहां पहले अत्यंत खराब स्थिति थी। वह क्षेत्र एक बड़े गड्ढे के रूप में था, जहां जलभराव की समस्या बनी रहती थी। लगभग छह से आठ महीने की कठिन मेहनत के बाद भूमि को उपयोग योग्य बनाया गया, जिसके पश्चात इस आधुनिक बस अड्डे का निर्माण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि स्वच्छता की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस बस अड्डे से शाहजहाँपुर की कनेक्टिविटी लखनऊ, लखीमपुर, हरदोई एवं बरेली से और बेहतर होगी। साथ ही उन्होंने दयाशंकर सिंह का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
वित्त मंत्री ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत शाहजहाँपुर के विकास हेतु लगभग 350 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बरेली मोड़ से सुभाष नगर होते हुए रिंग रोड तक सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। शहर के सौंदर्यीकरण हेतु सड़कों के किनारे पट्टी विकसित की गई है जिस पर अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण न करने से सड़कों को चौड़ा एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि शहर में 1500 लोगों की क्षमता वाला एक आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लगभग 403 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का निर्माण कार्य प्रस्तावित/प्रगति पर है, जो शाहजहाँपुर से होकर गुजरेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले भारत लगभग 86 प्रतिशत पेट्रोलियम पदार्थों का आयात करता था, किन्तु अब एथनॉल मिश्रण को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में पेट्रोल में लगभग 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाया जा रहा है, जिससे आयात पर निर्भरता कम हो रही है और एथनॉल उत्पादन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए लगभग 130 करोड़ रुपये की सब्सिडी स्वीकृत की गई है, जो नवंबर तक प्राप्त हो चुकी है। हाइब्रिड वाहनों के पंजीकरण में भी छूट दी जा रही है। इन पहलों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बहुआयामी रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद लोकसभा अरुण कुमार सागर एवं राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया एवं महापौर नगर निगम अर्चना वर्मा ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित कर जनपद के विकास के बारे में बताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत ममता यादव, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अपराजिता सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीसी राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, नगर आयुक्त सौम्या गुरु रानी अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, आरएम रोडवेज रमेश कुमार एवं एआरएम अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




