50 घंटे बाद मिला नदी में डूबे किशोर का चार किलोमीटर दूर जलकुंभी में फंसा मिला शव

50 घंटे बाद मिला नदी में डूबे किशोर का चार किलोमीटर दूर जलकुंभी में फंसा मिला शव
बिछिया छुट्टी पुल के नीचे मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम; प्रभारी मंत्री और विधायक ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस
मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

मिर्जापुर, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी 17 वर्षीय उदयवीर पुत्र कलियान का सोत नदी में डूबने के करीब 50 घंटे बाद शुक्रवार को शव बरामद कर लिया गया। किशोर का शव घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर पूर्व दिशा में बिछिया छुट्टी पुल के नीचे जलकुंभी में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, उदयवीर बीते बुधवार को सुबह करीब 11 बजे भैंस चराने के दौरान सोत नदी में डूब गया था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी थी। काफी मशक्कत के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।शुक्रवार को बिछिया छुट्टी पुल के नीचे जलकुंभी में ग्रामीणों को एक पैर फंसा दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से नदी में फैली जलकुंभी को हटाने का अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद करीब 50 घंटे बाद किशोर का शव बरामद कर लिया गया।शव नदी से बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप और विधायक हरिप्रकाश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। किशोर की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।






