50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में तेजी लाएं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही: डीएम अंकुर लाठर

50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में तेजी लाएं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही: डीएम अंकुर लाठर
मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
फर्रुखाबाद, 13 अगस्त। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में 50 लाख रुपये एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए और कार्यों की प्रगति में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। धीमी गति से चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने के साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पर संबंधित की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
सीएम डैशबोर्ड के संकेतकों में सुधार के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने CM Dashboard की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं, जिला चिकित्सालय में CT मशीन की क्रियाशीलता, गौवंश सुपुर्दगी, मत्स्य उत्पादन, निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न प्रमुख संकेतकों की स्थिति जानी।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं एवं सेवाओं में शीघ्र अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपेक्षित सुधार न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






