डीएम की आस में पहुंचे फरियादी, खाली कुर्सी देख टूटी न्याय की उम्मीद

डीएम की आस में पहुंचे फरियादी, खाली कुर्सी देख टूटी न्याय की उम्मीद
डीएम के रवाना होने के बाद एसडीएम व राजस्व अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

कलान/शाहजहांपुर, 1 अगस्त 2026। तहसील कलान
न
में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग दोपहर 12:45 बजे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रवाना हो गए। उस समय भी बड़ी संख्या में फरियादी अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। अधिकारियों के जाने के बाद कई लोगों ने निराशा जताई और कुछ फरियादी बिना अपनी शिकायत दर्ज कराए ही वापस लौट गए। बाद में उपजिलाधिकारी कलान एवं राजस्व निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रखी।इसी दौरान गोकुल नगला निवासी राम सिंह अपने 22 वर्षीय पुत्र अरुण को गोद में लेकर दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की मांग लेकर समाधान दिवस पहुंचे। उनका आरोप है कि वह लगभग पांच बार शाहजहांपुर जाकर संबंधित चिकित्सक से मिले, लेकिन उनका प्रमाण पत्र नहीं बन सका। उनका कहना है कि वह अपनी शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखना चाहते थे, लेकिन उनके रवाना हो जाने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजा गया।जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक अवधेशराम, उपजिलाधिकारी कलान आशुतोष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व कलान,परौर, मिर्जापुर थाना प्रभारी उपस्थित रहे।





