उत्तर प्रदेशजलालाबाद

शाहजहांपुर के जलालाबाद में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बलेनो कार पेट्रोल पंप पर खड़ी DCM से टकराई, एक युवक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल 

शाहजहांपुर के जलालाबाद में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बलेनो कार पेट्रोल पंप पर खड़ी DCM से टकराई, एक युवक की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

जलालाबाद (शाहजहांपुर)। थाना जलालाबाद क्षेत्र के अंतर्गत बरेली रोड पर रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित बलेनो कार सड़क किनारे खड़ी DCM से पीछे से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में कार सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 14 जून 2026 को शाम करीब 4:20 बजे पीआरवी 6018 को मदनापुर रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक्सीडेंट की सूचना मिली। हादसे की सूचना मिलते ही थाना जलालाबाद प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि एक बलेनो कार (नंबर: UP 82 AH-0254) मदनापुर की तरफ से जलालाबाद की ओर आ रही थी। कार को कस्बा जलालाबाद के प्रताप नगर निवासी अशोक गुप्ता उर्फ भोले (26 वर्ष) चला रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेट्रोल पंप के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और वहां काफी दिनों से खड़ी एक DCM (नंबर: UP22T-0508) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी (CHC) नगरिया भेजा।

सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने कार चालक अशोक गुप्ता उर्फ भोले (पुत्र श्री रामसागर) को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर सभी घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

हादसे में घायल अन्य चार युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर किया गया है।

आकाश (28 वर्ष) पुत्र ओमेन्द्र, निवासी ग्राम गुनारा, थाना जलालाबाद।

रवि (26 वर्ष) पुत्र पृथ्वीराज, निवासी ग्राम करदोला, थाना जलालाबाद।

अरुण (24 वर्ष) पुत्र अभय सिंह, निवासी ग्राम करदोला, थाना जलालाबाद।

सत्यम (30 वर्ष) पुत्र सत्येंद्र सिंह, निवासी कुण्डरी चक चंद्रसेन थाना जलालाबाद।

सभी घायलों को उनके परिजन 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों के जरिए जिला अस्पताल लेकर गए हैं, जहां उनका उपचार जारी है।

थाना जलालाबाद के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि सीएचसी से प्राप्त मेमो सूचना के आधार पर मृतक अशोक गुप्ता के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी (शाहजहांपुर) भेज दिया गया है।

दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे से हटवा दिया गया है और DCM को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button