रौजा मंडी अग्निकांड: सपा जिलाध्यक्ष ने लिया जायजा, पीड़ित व्यापारियों को राहत दिलाने की उठाई मांग

रौजा मंडी अग्निकांड: सपा जिलाध्यक्ष ने लिया जायजा, पीड़ित व्यापारियों को राहत दिलाने की उठाई मांग
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर। रौजा मंडी समिति में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2:45 बजे हुए भीषण अग्निकांड ने करीब 20 फल व सब्जी की दुकानों को पूरी तरह राख में तब्दील कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली का तार गिरने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे में व्यापारियों को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकानों में मौजूद नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और जले हुए प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी समिति प्रभारी व नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार तथा एसडीएम सदर संजय पांडे को फोन कर तत्काल मौके पर बुलाया।कुछ ही देर में नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार,मंडी सचिव रिंकू लाल कश्यप और डीसीसी ललित नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन किया।निरीक्षण के दौरान तनवीर खान ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित छोटे व्यापारियों को अधिक से अधिक मुआवजा दिया जाए और क्षतिग्रस्त दुकानों का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ितों की अनदेखी की गई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।वहीं नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि मुआवजा और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को गति देने के लिए मंडी परिसर की ओर से एक समिति गठित कर दी गई है, जो नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।मौके पर दयाशंकर वर्मा, मोहम्मद नदीम, मोहम्मद आसिफ रजा, आसिफ कुरेशी, रवि कुमार, संजीव वर्मा, यश मौर्य, अशोक सिंह, फराज इदरीसी, रानू खान, खालिद खान, सिद्दीक खान, साजिद अली, विवेक कुमार, जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।




