लाट साहब जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई -डीआईजी

लाट साहब जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई -डीआईजी 
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर। होली के अवसर पर निकलने वाले लाट साहब जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार शाम पुलिस लाइन में कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी और डीआईजी अजय साहनी ने जुलूस आयोजकों, संभ्रांत नागरिकों एवं एसपीओ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान आयोजकों ने जुलूस मार्ग में आने वाली समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर कमिश्नर और डीआईजी ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने आयोजकों से जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि जुलूस के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। जुलूस मार्ग को जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त फोर्स भी उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान दुकानों के होर्डिंग तोड़ने, पत्थरबाजी करने या कांच की बोतलें फेंकने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जाएंगे और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।डीआईजी ने लोगों से अपील की कि कोई भी ऐसा कृत्य न करें जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़े। कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि जुलूस से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने सभी वर्गों से आपसी सौहार्द के साथ होली का पर्व मनाने की अपील की। बैठक के बाद कमिश्नर और डीआईजी ने क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों के साथ अलग से बैठक कर उनकी जिम्मेदारियां तय कीं। बताया गया कि शाहजहांपुर में होली के दिन कुल 18 लाट साहब के जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें छोटे और बड़े लाट साहब के जुलूस प्रमुख होते हैं। इनकी तैयारियों को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी समेत पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




