फर्रुखाबाद

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश


अमृतपुर तहसील के तीस राम की मड़ैया गांव पहुंचे अधिकारी, शरणालय की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

अमृतपुर। फर्रुखाबाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को अमृतपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम तीस राम की मड़ैया का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को समयबद्ध ढंग से राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा पशुओं के लिए चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंटीबायोटिक, विटामिन, चर्म रोग की दवाएं, क्लोरीन, ओआरएस तथा एंटी वेनम की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा।जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित गांवों एवं राहत शिविरों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही पशुपालन विभाग को पशुओं के टीकाकरण की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।इसके बाद अधिकारियों ने रामनिवास महाविद्यालय में बनाए गए शरणालय का निरीक्षण किया। यहां ठहरे लोगों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।प्रशासन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button