उत्तर प्रदेशशाहजहांपुर

लाट साहब के जुलूस एवं होलिका दहन को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न।

लाट साहब के जुलूस एवं होलिका दहन को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न।


मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
शाहजहांपुर, 24 फरवरी 2026। आगामी छोटे एवं बड़े लाट साहब के जुलूस तथा होलिका दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण कर ड्यूटी स्थलों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अधिकारी अपने ड्यूटी प्वाइंट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए स्थानीय नागरिकों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से समन्वय स्थापित करें तथा उनके नाम एवं संपर्क विवरण की सूची तैयार रखें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहयोग प्राप्त किया जा सके। उन्होंने विद्युत विभाग से समन्वय कर ढीले एवं जर्जर विद्युत तारों को ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रूप से ढकने तथा जुलूस मार्ग एवं संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक सुरक्षात्मक प्रबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात कोई भी अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल को नहीं छोड़ेगा तथा सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान निर्धारित जुलूस मार्गों पर दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, जिससे जुलूस को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराया जा सके।
होलिका दहन कार्यक्रम के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ड्यूटी में तैनात अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें तथा होलिका दहन स्थलों पर साफ-सफाई, बालू की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह निर्धारित स्थानों पर परंपरागत ढंग से ही होलिका दहन को सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जुलूस के दौरान तीन एंबुलेंस सहित पर्याप्त औषधियों एवं चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएचसी, पीएचसी पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त को जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने अवगत कराया कि सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। जुलूस मार्ग को विभिन्न जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि जुलूस की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी तथा ड्रोन से भी पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक रिजर्व पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सभी पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस कार्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी दशा में ड्यूटी स्थल को निर्धारित समय से पूर्व न छोड़े। वाहन को ऐसे स्थान पर पार्क करें, जिससे आसानी से निकला जा सके। ड्यूटी को गंभीरता से लें। किसी भी दशा में लापरवाही न की जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं सजगता के साथ निर्वहन करते हुए होली त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
_______

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button