रेड क्रॉस कार्यालय में लगा कैंप, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए दिव्यांगजनों का चयन

रेड क्रॉस कार्यालय में लगा कैंप, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए दिव्यांगजनों का चयन
एलिम्को कानपुर एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के सहयोग से हुआ आयोजन।
मातृभूमि की पुकार- संवाददाता

शाहजहांपुर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय प्रांगण में स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यालय में एलिम्को कानपुर एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के सहयोग से दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने हेतु चयन एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में पात्र दिव्यांगजन पहुंचे और चयन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया।एलिम्को कानपुर की प्रोस्थेटिस्ट एवं ऑर्थोटिस्ट डॉ. समृद्वि सोनी ने बताया कि प्रत्येक जनपद से लगभग 15 पात्र दिव्यांगजनों का चयन मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए किया जाना प्रस्तावित है । पात्रता के लिए दिव्यांगजन की आयु 18 वर्ष से अधिक, दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक होना, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। दोनों हाथों का सही स्थिति में होना भी जरूरी है। पूर्व में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का लाभ ले चुके लाभार्थी के मामले में कम से कम पांच वर्ष की अवधि पूर्ण होना आवश्यक है।रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. विजय जोहरी ने डॉ. समृद्वि सोनी का स्वागत करते हुए उन्हें इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने एलिम्को कानपुर द्वारा दिव्यांगजनों के हित एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एलिम्को का प्रयास अत्यंत सराहनीय है।डॉ. विजय जोहरी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी भविष्य में भी एलिम्को कानपुर एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के सहयोग से ऐसे सेवा कार्यक्रमों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ मिल सके।डॉ. समृद्वि सोनी ने भी रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा दिए गए सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा और उनके सशक्तीकरण के लिए सामाजिक संस्थाओं का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।शिविर में श्रीपाल, शेर सिंह, राजवीर, अरविंद, बिनय, सानू खान, रामसेवक, नीरू, बलजीत, शरीफ, धर्मवीर, तसव्वुर, अरविंद सिंह आदि दिव्यांगजनों का मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए सूचीबद्ध किया गया।इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के स्वयंसेवकॐ दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पांडे, डॉ. बृजेश गुप्ता, अवनीश सक्सेना, रामदास, राम कुमार, विनोद, तरुण देवी, सुबर्ण मिश्रा, अमित कुमार सहित अन्य रेडक्रॉस के स्वयंसेवक एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।रेड क्रॉस सचिव डॉ. विजय जोहरी ने जनमानस से आह्वान किया कि दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए आगे आकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के ऐसे कार्यों में समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं की सहभागिता से जरूरतमंदों तक सहायता और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।





