डोडा तस्करी के नेटवर्क पर मिर्जापुर पुलिस का शिकंजा तीन तस्कर गिरफ्तार।

डोडा तस्करी के नेटवर्क पर मिर्जापुर पुलिस का शिकंजा तीन तस्कर गिरफ्तार।
15 किलो से अधिक डोडा, 48 हजार नकद और तीन मोबाइल बरामद; पंजाब से खरीदारी करने पहुंचे थे दो आरोपी
मातृभूमि की पुकार ( ब्यूरो)
मिर्जापुर/शाहजहांपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए डोडा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 47 ग्राम अवैध डोडा, 48 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 9 अगस्त की रात करीब 10:49 बजे ग्राम कुनिया शाहनजीरपुर बाजार के पास पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान एक काले रंग के हाथ में लटकाने वाले बैग से 9.992 किलो तथा एक काले रंग के पिट्ठू बैग से 5.082 किलो डोडा बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुलख्खन सिंह (37) पुत्र हंसराज और मानसिंह (22) पुत्र बलकार सिंह, निवासी बाजीगर बस्ती, थाना बनूढ़, जनपद पटियाला, पंजाब, हाल निवासी मोहाली तथा द्रगपाल (60) पुत्र छोटे सिंह, निवासी ग्राम बहरिया, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पंजाब से डोडा खरीदने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस की पूछताछ में सुलख्खन और मानसिंह ने बताया कि वे पंजाब से डोडा खरीदने के लिए द्रगपाल के पास पहुंचे थे। बरामद 48 हजार रुपये द्रगपाल को देने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार द्रगपाल ने पूछताछ में डोडा बेचने और उससे होने वाले मुनाफे से परिवार का भरण-पोषण करने की बात बताई।
NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में अभियोग संख्या 175/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी द्रगपाल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2012 में थाना मिर्जापुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
यह पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, उपनिरीक्षक बन्टी कुमार, हेड कांस्टेबल मो. ईस्माइल, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल आकाश पुण्डीर शामिल रहे।





