केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मिर्जापुर ब्लॉक में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन।


*केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मिर्जापुर ब्लॉक में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन।

*स्वरोजगार, आवास और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लें पात्र नागरिक: जिलाधिकारी*
*जनजागरूकता अभियान में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी।
मातृभूमि की पुकार ( संवाददाता)
मिर्जापुर/शाहजहांपुर, 16 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जन कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकासखंड मिर्जापुर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाई जाए तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रदर्शित की जाएं।
उन्होंने मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा ओडीओपी योजना जैसी राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल और संपर्क मार्गों का व्यापक विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद फर्रुखाबाद-जलालाबाद मार्ग को गंगा एवं आगरा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक रोड निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। मिर्जापुर, कलान और अल्लाहगंज मार्गों के चौड़ीकरण सहित ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विकास केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी आवश्यक है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क सहजन के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें अपने आवास के आसपास लगाकर संरक्षित करना होगा।
जिलाधिकारी ने महिलाओं से बच्चों को अच्छे संस्कार देने की अपील करते हुए कहा कि इससे समाज में बेहतर कानून-व्यवस्था और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा। उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया ।
उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी ‘डीएम शाहजहांपुर’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक शुक्रवार को 25 न्याय पंचायतों में चौपाल आयोजित की जा रही हैं तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही।ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, निःशुल्क राशन योजना तथा किसानों को कृषि यंत्रों पर सब्सिडी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और महिलाओं की सुरक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
कार्यक्रम के अंत में कृषि विभाग द्वारा खेत तालाब योजना की जानकारी दी गई। वहीं जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत स्वीकृत ऋण के चेक लाभार्थियों को वितरित किए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कलान अभिषेक प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र चंद्र पांडेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
_______




