ध्रुव सिंह द्वारा विकसित इनवेसिया एक्स सोशल मीडिया प्लेटफार्म को भारत सरकार ने दी मान्यता

ध्रुव सिंह द्वारा विकसित इनवेसिया एक्स सोशल मीडिया प्लेटफार्म को भारत सरकार ने दी मान्यता

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
मिर्जापुर। कस्बा मिर्जापुर से युवा उद्यमी ध्रुव प्रताप सिंह ने अपने नवाचार और दृढ़ संकल्प के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके द्वारा स्थापित स्टार्टअप “इन्विजिया एक्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड” को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा आधिकारिक रूप से स्टार्टअप के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने वाले युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।इन्विजिया एक्स एक उभरता हुआ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, जिसे इस दृष्टि के साथ विकसित किया जा रहा है कि उपयोगकर्ताओं को एक सुरक्षित, प्राइवेसी-केंद्रित और आधुनिक डिजिटल अनुभव प्रदान किया जा सके। आज के समय में, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर डेटा सुरक्षा और यूजर प्राइवेसी को लेकर लगातार चिंताएं सामने आ रही हैं, ऐसे में “इन्विजिया एक्स” इन चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने की दिशा में कार्य कर रहा है।कंपनी की स्थापना 13 फरवरी 2026 को की गई थी और बहुत कम समय में इसने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी शुरू कर दी है। वर्तमान में प्लेटफॉर्म की वेबसाइट लाइव है, जहां हजारों उपयोगकर्ता जुड़ चुके हैं। कंपनी निकट भविष्य में अपना मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे इसके उपयोगकर्ताओं की संख्या में और तेजी से वृद्धि होने की संभावना है।संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ध्रुव प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि हमें भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि हमें और अधिक मेहनत करने तथा अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जो न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी एक अलग पहचान बनाए और उपयोगकर्ताओं को एक सुरक्षित एवं भरोसेमंद डिजिटल वातावरण प्रदान करे।”डीपीआईआईटी द्वारा प्रदान की गई यह मान्यता स्टार्टअप को कई महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करती है, जिनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं तक पहुंच, निवेश के बेहतर अवसर, कर में छूट तथा संस्थागत सहयोग शामिल हैं। इससे कंपनी को अपने उत्पाद और सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।स्थानीय स्तर पर इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। मिर्जापुर के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि उनके क्षेत्र से एक युवा उद्यमी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।




