उत्तर प्रदेशशाहजहांपुर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जन चौपाल आयोजन के संबंध में बैठक संपन्न।


जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जन चौपाल आयोजन के संबंध में बैठक संपन्न।


मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहांपुर, 2 अप्रैल।जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में माह के प्रत्येक बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को न्याय पंचायत के किसी एक गांव में जन-चौपाल आयोजित किए जाने के संबंध में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि 64 नोडल अधिकारियों को आवंटित न्याय पंचायतों में 10 अप्रैल से प्रत्येक बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को एक ग्राम में अपरान्ह 01:00 बजे से जन-चौपाल का आयोजन किया जाएगा। माह अप्रैल 2026 में आयोजित होने वाली जन-चौपालों का आयोजन निर्धारित रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी 64 नोडल अधिकारी दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए रोस्टर के अनुसार ग्रामों में जन-चौपाल आयोजित कराएं तथा निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट प्रत्येक शनिवार सायंकाल तक जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जन-चौपाल का आयोजन विद्यालय अथवा पंचायत भवन में ही किया जाए। जन-चौपाल के दौरान अधिकारी गांव की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही, जन-चौपाल के दौरान निराश्रित गोवंश एवं जन सहभागिता के अंतर्गत दिए गए गोवंश का सत्यापन भी किया जाएगा। नोडल अधिकारी गांवों का भ्रमण कर गौशालाओं की स्थिति, हर घर जल योजना के अंतर्गत जलापूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पंचायत भवनों में संबंधित कार्मिकों के नाम तथा जन सहभागिता के अंतर्गत गोवंश लेने वाले व्यक्तियों के नाम स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि जन-चौपाल के माध्यम से योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। साथ ही, गांव से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं भी एकत्रित की जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राशिद अली खां सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button