स्व. विधायक मानवेंद्र सिंह के नाम पर बनेगा राजकीय महाविद्यालय, मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति

स्व. विधायक मानवेंद्र सिंह के नाम पर बनेगा राजकीय महाविद्यालय, मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति 
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर। ददरौल विधानसभा क्षेत्र के ढकिया परवेजपुर गांव में स्वर्गीय विधायक मानवेंद्र सिंह के नाम पर राजकीय महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वीकृति दे दी है। ददरौल विधायक अरविन्द सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व. विधायक मानवेंद्र सिंह की स्मृति में उनके गृह ग्राम ढकिया परवेजपुर में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी। इस निर्णय से क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही पढ़ाई की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। विधायक अरविंद सिंह ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्व. मानवेंद्र सिंह क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे और उनके नाम पर बनने वाला महाविद्यालय आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।क्षेत्रवासियों में भी इस घोषणा को लेकर खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि महाविद्यालय बनने से ददरौल क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा।




