लंबे समय से ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, एसपी ने दिखाया सख्त रुख
एसपी की बड़ी कार्रवाई: दरोगा और महिला कांस्टेबल समेत 17 पुलिसकर्मी निलंबित
लंबे समय से ड्यूटी से गायब पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, एसपी ने दिखाया सख्त रुख।

ब्यूरो रिपोर्ट – रोचक अग्निहोत्री/ धीरज गुप्ता
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ड्यूटी से लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे 17 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित किए गए कर्मियों में एक दरोगा और एक महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं।बताया जा रहा है कि इनमें से एक पुलिसकर्मी वर्ष 2023 से ही अनुपस्थित चल रहा था, जबकि अन्य 16 पुलिसकर्मी लगभग एक वर्ष से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। विभाग को उनकी अनुपस्थिति के संबंध में कोई वैध कारण भी नहीं बताया गया था।एसपी ने हाल ही में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने वाले पुलिसकर्मियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए थे। जब यह सूची उनके समक्ष प्रस्तुत की गई तो विभिन्न थानों में तैनात 17 पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए।विभाग की ओर से इन पुलिसकर्मियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई से संपर्क नहीं हो सका। जिनसे बातचीत हुई, वे भी अपनी गैरहाजिरी का संतोषजनक कारण नहीं बता सके। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने मंगलवार सुबह सभी को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे 17 पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।इस कदम के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्त संदेश गया है।




