छोटे लाट साहब जुलूस को लेकर पुलिस सतर्क, एसपी ने किया जूलूस मार्ग का निरीक्षण

छोटे लाट साहब जुलूस को लेकर पुलिस सतर्क, एसपी ने किया जूलूस मार्ग का निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहाँपुर। आगामी ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्रान्तर्गत जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, देवेन्द्र कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भांवरें एवं क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत भी उनके साथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने जुलूस से पूर्व की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और रिहर्सल के लिए लगाई गई ड्यूटियों को चेक किया। निरीक्षण के दौरान पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात डायवर्जन, बैरियर प्वाइंट, पिकेटिंग व्यवस्था, हाई रिस्क एवं संवेदनशील स्थानों की पहचान, पैदल गश्त मार्ग, पुलिस बल की संभावित तैनाती के साथ एम्बुलेंस व फायर यूनिट की उपलब्धता का भी अवलोकन किया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्ग की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ दंगा नियंत्रण उपकरण उपलब्ध रखे जाएं तथा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से प्रभावी निगरानी की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण कर आमजन को पहले से सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।
भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने आयोजनकर्ताओं से बातचीत कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस प्रशासन जुलूस के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी।






