अटल प्रेक्षागृह में धूमधाम से मनाया गया 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस

अटल प्रेक्षागृह में धूमधाम से मनाया गया 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस

ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
राज्यसभा सांसद ने किया विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन, लाभार्थियों को सौंपे गए स्वीकृति पत्र
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस शनिवार को अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जितिन प्रसाद के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश थीम पर आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। वर्ष 2017 के बाद कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट विश्व का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जो प्रदेश की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है। उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा व सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश कई देशों से भी बड़ा राज्य है और बीते वर्षों में चिकित्सा, शिक्षा, कानून व्यवस्था, बिजली और सड़क के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि अन्न उत्पादन में शाहजहांपुर अग्रणी जनपदों में शामिल है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है और मुख्यमंत्री देश के लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में गिने जाते हैं।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। सड़क निर्माण से आवागमन सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने नागरिकों से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में भागीदारी की अपील करते हुए बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन और बेटियों की शिक्षा पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की चाबियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र, तथा शिक्षा, खेल, मत्स्य, खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं चेक वितरित किए गए।अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






