शाहजहांपुर

निपुण भारत मिशन की समीक्षा में डीएम की अध्यक्षता में संपन्न

निपुण भारत मिशन की समीक्षा में डीएम की अध्यक्षता में संपन्न

8 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों का विषयवार टेस्ट

मातृभूमि की पुकार ( संवाददाता)

शाहजहांपुर, 13 अगस्त। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता, बच्चों के लर्निंग गैप, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, आधार मशीनों, मध्याह्न भोजन एवं विद्यालयों में स्वच्छता सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 18 अगस्त को आयोजित होने वाली मासिक शिक्षक संकुल बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में शिक्षकों द्वारा बच्चों में लर्निंग गैप को समाप्त करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रस्तुतीकरण किया जाए। उन्होंने जनपद में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों का विषयवार निपुण मॉक टेस्ट आयोजित करने के लिए 8 सितंबर की तिथि निर्धारित की।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विकासखंड मदनापुर में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध करा दी गई है।जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकित कक्षा 10 की छात्राओं के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवंबर माह के बाद छात्राओं को मॉक टेस्ट के माध्यम से बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार कराया जाए। अपूर्ण भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर अधूरे भवनों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। साथ ही पूर्ण हो चुके भवनों को यथाशीघ्र संबंधित विभाग को हैंडओवर कराने के निर्देश दिए।बेसिक शिक्षा विभाग में संचालित आधार मशीनों की समीक्षा के दौरान 31 मशीनों में से केवल 18 मशीनों के कार्यरत होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक से पूर्व सभी 31 आधार मशीनों को संचालित कराया जाए। इसके साथ ही जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने की प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में तैयार मध्याह्न भोजन का सैंपल विद्यालय की छुट्टी तक सुरक्षित रखा जाए। भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित अधिकारी नियमित रूप से इसकी जांच करें। उन्होंने 18 अगस्त को होने वाली शिक्षक संकुल बैठक में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर भी चर्चा कराने के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया कि जनपद में कतिपय बैंक प्रबंधकों द्वारा ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों के हस्ताक्षरयुक्त चेक वापस किए जा रहे हैं। साथ ही गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडर की बुकिंग के साथ पाइप एवं रेगुलेटर लेने के लिए उपभोक्ताओं को बाध्य किए जाने की शिकायत भी सामने आई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन दोनों मामलों को अगले दिन सुबह जनपद स्तरीय अधिकारियों की ऑनलाइन बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी के समक्ष रखा जाए तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा जनपद के सभी विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्राचार्य डायट, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डन, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक तथा एआरपी एवं एसआरजी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button