11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत, पुलिस और बिजली विभाग ने शुरू की जांच।

ब्यूरो चीफ फर्रुखाबाद-
संजीव कुमार प्रजापति
11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत, पुलिस और बिजली विभाग ने शुरू की जांच।

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के ग्राम बछलैया में सोमवार दोपहर 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से करंट उतरने के कारण दो भैंसों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी रविदास कश्यप पुत्र छोटेलाल कश्यप ने अपनी दो भैंसों को बगीचे में नीम के पेड़ की छाया में बांध रखा था। बगीचे के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही है। बताया गया कि खंभे पर लगे इंसुलेटर से तार हट जाने के कारण विद्युत तार हरे नीम के पेड़ के संपर्क में आ गया, जिससे पेड़ और आसपास की जमीन में करंट उतर गया। इसकी चपेट में आने से दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तथा बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर नीरज कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।





