सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न।

सांसद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न।

दिशा बैठक में सांसद अरुण सागर ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, किसान रजिस्ट्री, स्वास्थ्य सेवाओं और अधूरी परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश।
*दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं।
शाहजहाँपुर, 13 जून, 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लोकसभा सांसद अरूण कुमार सागर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में एमएलसी डॉ0 सुधीर कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर,विधायक कटरा वीर विक्रम सिंह प्रिंस, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सिंह सहित ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारी उपस्थित रहें। बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह द्वारा मा0 सांसद को पौधा भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन करते हुए बैठक के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रत्येक विभाग की योजनाओं की प्रगति के बारे में बिन्दुवार जानकारी दी गई। बैठक में सहायता समूहों, फॉर्मर रजिस्ट्री, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा, श्रम बजट, मनरेगा से तालाब, खेत तालाब सहित अन्य कार्याे के प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।बैठक में स्वयं सहायता समूहों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 668 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनमें से 63 समूह ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। मा० सांसद ने स्वयं सहायता समूहों को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि किसानों की फॉर्मर आईडी एवं फॉर्मर रजिस्ट्री पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है तथा किसान जन सेवा केंद्रों के माध्यम से आसानी से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। मा० सांसद द्वारा अधिक से अधिक किसानों की फॉर्मर आईडी एवं रजिस्ट्री सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि रबी फसल से संबंधित फसल बीमा दावों का भुगतान पूर्ण किया जा चुका है तथा खरीफ फसल के बीमा दावों के भुगतान की प्रक्रिया जारी है।पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद की ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही 15 वर्ष से अधिक पुराने पंचायत भवनों का पुनः सर्वेक्षण एवं तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। जनपद में चार पंचायत भवनों से संबंधित विवाद लंबित हैं, जिनका शीघ्र समाधान कराया जाएगा।आवास एवं शहरी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में चार तालाबों के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 96 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर ली गई है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लगभग 30 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। अमृत योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों को भी समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जा रहा है।बैठक में सांसद ने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में जहां कहीं भी सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जल जीवन मिशन एवं नमामि गंगे परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि ‘जलसारथी’ ऐप के माध्यम से किसी भी ग्राम सभा का नाम दर्ज कर पेयजल कनेक्शनों एवं संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से नवीन पंजीकरण सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है।बैठक के दौरान राष्ट्रीय पशुपालन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी रेबीज तथा एंटी स्नेक वेनम वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान परौर क्षेत्र में चिकित्सक की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाते हुए विधायक वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने चिकित्सक की तैनाती की मांग की और कहा कि परौर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। विधायक प्रिंस ने कटरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर एनएचएआई प्राधिकरण की लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र मरम्मत कार्य कराने की मांग की।खुटार क्षेत्र में कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 3,62,874 लाभार्थी लाभान्वित हैं। मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसडीओ टेलीकॉम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नेटवर्क एवं इंटरनेट संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया। वहीं, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) से ऋण वितरण एवं विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रगति संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।




