उत्तर प्रदेशशाहजहांपुर

विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में जनपद में बृहद वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में जनपद में बृहद वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ

प्रभारी मंत्री ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संदेश

प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर जनप्रतिनिधियों ने रोपित किया एक पेड़ मां के नाम

मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)

शाहजहांपुर 05 जून। वन विभाग एवं जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेन्द्र कश्यप ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड ददरौल के संविलयन विद्यालय में हरिशंकरी पौधा लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न पर्यावरण संबंधित चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों को उपहार देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान माननीय मंत्री जी ने स्कूली बच्चों एवं कार्यक्रम में आये लोगों को फलदार पौधे वितरित किए।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने सभी जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में 5 जून से 21 जून तक जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी तथा जनपद के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर देश के विकास से जुड़े विषयों पर चिंतन मनन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से 16 दिवसीय कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया।मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा 21 जून को विश्व योग दिवस के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए तथा अधिकाधिक पौधे लगाकर उन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।उन्होंने बताया कि जनपद में आज एक साथ 08 लाख से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया जा रहा है, जबकि इस वर्ष जनपद को 44 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर प्रदेश में एक ही दिन में 05 करोड़ पौधों का वृक्षारोपण किया जा रहा है तथा प्रदेश स्तर पर 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगाए गए लगभग 90 प्रतिशत पौधे सफल रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी जोर दिया। पेड़ पृथ्वी का आभूषण हैं और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर भी।विशिष्ट अतिथि एवं ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण से भविष्य में ऑक्सीजन का स्तर बेहतर होगा और पर्यावरण संतुलित रहेगा।उन्होंने कहा कि परिवार में जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर भी पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश में 05 करोड़ तथा जनपद में 08 लाख 64 हजार पौधों का वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी ग्रामों में वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप गत वर्ष जनपद में *सहजन वन* विकसित किया गया था, जबकि इस वर्ष *बजरंग वन* विकसित किया जाएगा। उन्होंने बच्चों एवं उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। प्रभागीय वन अधिकारी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार, एस डी ओ डॉ0 सुशील कुमार, ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी डॉ0 विनय कुमार सक्सेना ने किया।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button