नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान के तहत पेट्रोल पंपों पर औचक जांच

नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान के तहत पेट्रोल पंपों पर औचक जांच
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर।
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जनपद भर में नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान के तहत पेट्रोल पंपों पर संयुक्त रूप से औचक जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिए जाने के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर विशेष जोर दिया गया।
नगर क्षेत्र में गठित संयुक्त जांच टीम में नगर मजिस्ट्रेट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यातायात पुलिस, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक व नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने सत्यप्रेम सर्विस स्टेशन कचहरी, केपी सिंह फिलिंग स्टेशन ग्राम लधौली, सत्यश्री फिलिंग स्टेशन सहित कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंप संचालकों को अभियान का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। वहीं परिवहन विभाग व यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के चालान भी काटे गए।
तहसील तिलहर में उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व पूर्ति निरीक्षक ने राधा फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां कुछ अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
इसी क्रम में तहसील पुवायां, सदर, जलालाबाद और कलान क्षेत्रों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा शेखो फिलिंग स्टेशन, राम नारायण गुप्ता एंड सन्स, मोहन फिलिंग स्टेशन और जय अंबे फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पेट्रोल पंपों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, वाहनों में मुफ्त हवा, पीने योग्य शीतल जल और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालक और सहयात्री को पेट्रोल न दिया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान को सड़क सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है आगे भी सघन जांच जारी रहेगी






