पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने किया थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण
अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने किया थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण
अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भांवरें ने गुरुवार को थाना तिलहर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में तैनात पुलिस बल द्वारा उन्हें विधिवत सलामी दी गई, जिसे उन्होंने ग्रहण किया।
निरीक्षण के क्रम में थाना कार्यालय, मुहर्रिर कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, गैंगचार्ट, टॉप-10 अपराधियों की सूची, लंबित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, बैरक, भोजनालय, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई का गहन परीक्षण किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अपराध पंजीकरण एवं विवेचनाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी विवेचनाएं निष्पक्ष, समयबद्ध एवं साक्ष्य आधारित हों। महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान संवेदनशील स्थलों पर प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी एवं बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को ध्यान में रखते हुए असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
महिला शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन कर संबंधित कर्मियों को पीड़ित महिलाओं व बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए। शस्त्रागार एवं मालखाना निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई।
अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना प्रभारी तिलहर सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी तिलहर, उपनिरीक्षकगण, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।




