यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: शाहजहांपुर में सख्ती, बिना सुरक्षा नहीं होगी परीक्षा, CCTV रहेंगे लाइव
डीएम-एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेताया लापरवाही नहीं, नियमों का पालन सर्वोपरि

यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: शाहजहांपुर में सख्ती, बिना सुरक्षा नहीं होगी परीक्षा, CCTV रहेंगे लाइव
डीएम-एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेताया लापरवाही नहीं, नियमों का पालन सर्वोपरि
ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 को नकलविहीन, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जनपद शाहजहांपुर में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बैठक अटल बिहारी वाजपेई सभागार में हुई, जिसमें जिलेभर के प्रधानाचार्य व शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से चालू और लाइव रहेंगे। बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छात्राओं की तलाशी को लेकर स्पष्ट निर्देश
परीक्षा के दौरान तलाशी व्यवस्था पर भी अधिकारियों ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। डीएम ने कहा कि छात्राओं की तलाशी पुरुष शिक्षक नहीं करेंगे और छात्रों की तलाशी महिला शिक्षिकाएं नहीं करेंगी। इसके साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि तलाशी के नाम पर छात्रों के जूते-मोजे नहीं उतरवाए जाएंगे।
रोल नंबर के अनुसार होगी कॉपियों की व्यवस्था
परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण रोल नंबर व सीरियल क्रम में किया जाएगा और उसी क्रम में जमा भी कराई जाएंगी।
बैठक में कुछ प्रधानाचार्यों ने सुरक्षा कर्मियों के समय से केंद्रों पर न पहुंचने की समस्या उठाई। इस पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने भरोसा दिलाया कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत रहेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर टोल फ्री नंबर पर तुरंत सूचना दें, शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी।
शिक्षकों की समस्याएं भी सुनीं
बैठक के दौरान डीएम ने शिक्षकों व महिला शिक्षिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आश्वासन दिया कि परीक्षा संचालन को और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा।
प्रशिक्षण बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, बीएसए दिव्या गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर शाहजहांपुर में सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।






