डीएम का अल्टीमेटम, क्रय केंद्रों से गैरहाजिरी नहीं चलेगी
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक अनिवार्य उपस्थिति, नहीं तो होगी कार्रवाई

डीएम का अल्टीमेटम, क्रय केंद्रों से गैरहाजिरी नहीं चलेगी

ब्यूरो रिपोर्ट धीरज गुप्ता
—-सुबह 9 से शाम 6 बजे तक अनिवार्य उपस्थिति, नहीं तो होगी कार्रवाई
—-ई-पॉप और व्हाट्सएप फोटो से होगी निगरानी, लापरवाही पर कड़ी सजा
—-किसानों को नहीं होगी परेशानी, पारदर्शी खरीद व्यवस्था पर जोर
शाहजहाँपुर। रबी विपणन वर्ष 2026–27 में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए क्रय केंद्रों पर अनुशासन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। केंद्र प्रभारियों की गैरहाजिरी की लगातार मिल रही शिकायतों पर डीएम ने नाराजगी जताई और स्पष्ट चेतावनी दी कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहकारिता विभाग के कई क्रय केंद्रों पर प्रभारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित मिले, जिससे गेहूं खरीद की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और किसानों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी केंद्र प्रभारी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक क्रय केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करेंगे। इसके साथ ही ई-पॉप डिवाइस पर उपस्थिति दर्ज कराना और लोकेशन सहित फोटो वीट परचेस 26-27 एसपीएन व्हाट्सएप ग्रुप पर सुबह 9 बजे व शाम 6 बजे अपलोड करना भी जरूरी किया गया है। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई भी केंद्र प्रभारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने दोहराया कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों को समय पर, पारदर्शी और सुगम तरीके से गेहूं खरीद का लाभ दिलाना है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी




