उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित।


अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षागृह में भव्य रूप से मनाया गया 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित विकास प्रदर्शनी का राज्यसभा सांसद ने किया उद्घाटन।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को किया गया लाभान्वित।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की दिलाई शपथ।
मातृभूमि की पुकार (संवाददाता)
शाहजहांपुर, 24 जनवरी।जनपद शाहजहांपुर में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम भव्य रूप से अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगी विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जितिन प्रसाद जी के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र प्रेरणा स्थल, बसंत कुंज, लखनऊ से ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ संकल्प के साथ आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का सजीव प्रसारण भी देखा गया।जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट विश्व का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जो उत्तर प्रदेश की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करता है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, सामूहिक विवाह योजना जैसी योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।एमएलसी डॉ सुधीर गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश कई देशों से भी बड़ा राज्य है और वर्ष 2017 के बाद चिकित्सा, शिक्षा, कानून व्यवस्था, बिजली तथा सड़क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 75 जनपदों में अन्न उत्पादन के क्षेत्र में शाहजहांपुर अग्रणी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है और मुख्यमंत्री देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में से एक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से मिलकर प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। सड़क निर्माण से आवागमन में सुधार हुआ है। प्रदेश आज पूरे देश में प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विशेष मतदाता परीक्षण कार्यक्रम में नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति से समाज का स्तर ऊँचा हुआ है और भारत आज विश्व पटल पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने तथा बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एक बेटी के शिक्षित होने से दो परिवारों का भविष्य संवरता है।कार्यक्रम में आर कन्या इंटर कॉलेज, जवाहर नवोदय विद्यालय, डॉ0 सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर, गुरुकुल सेवा ट्रस्ट, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय हथौड़ा बुजुर्ग सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक एवं देश भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को गृह प्रवेश की चाबी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति पत्र, तथा शिक्षा, खेल, मत्स्य एवं खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र एवं चेक वितरित किए गए।अंत में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक अवधेशराम, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






